चित्रकूट।जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक गुरुवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें डीएम ने सरकारी योजनाओं व समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, दवाओं की उपलब्धता, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम सहित योजनाओं व समिति के कार्यों की समीक्षा की। रामनगर ब्लाक में माह अगस्त में पंजीकरण के सापेक्ष बहुत कम डिलीवरी होने पर डीएम ने सीडीओ से कहा कि इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराए तथा डब्ल्यूएचओ के अधिकारियों को जो छूटे हुए बच्चों की सूची प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही आशाओं का चयन पूरा करने के भी निर्देश दिए। सीएमओ से कहा कि जिन बच्चों की बिना टीकाकरण के मृत्यु हुई है, वहां की संबंधित एएनएम व आशा की जिम्मेदारी तय की जाए और यह सुनिश्चित कराया जाए की कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटना नहीं चाहिए तथा इसका अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण भी कराया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के टीकाकरण की जानकारी प्रधानाचार्यो से लें। नोडल अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान बंद पाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कराने तथा कमियों को ठीक कराने के निर्देश दिए। कहा कि ओपीडी व ठीक होने वाली मरीज की संख्या की सूचना रखें। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारियों से कहा कि लेप्रोसी केस डिस्कशन कैंपेन कराने के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से समन्वय स्थापित करके कराए। कहा कि अस्पतालों में सही से वाल पेंटिंग कराएं तथा उसकी फोटोग्राफी भी रखें। सीडीओ अमृतपाल कौर ने जनपद के मूल निवासी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने घरों पर प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगवाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संतोष कुमार, डॉ एम के जतारया, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ शैलेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ ओपी भास्कर, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीड़ी विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी आदि मौजूद रहे।



