Ad imageAd image

महिलाओं और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम कर रही आकांक्षा समिति- डॉ तनुषा टीआर

admin
3 Min Read


-आकांक्षा समिति अध्यक्ष ने बाल कुपोषण दूर करने पर दिया जोर
चित्रकूट। संभव अभियान 5.0 एवं राष्ट्रीय पोषण माह सितम्बर 2025 के तहत रेडक्रास सोसायटी के तत्वाधान में आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ तनुषा टीआर ने क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के 80 सैम बच्चों को पोषण किट का वितरण किया। साथ ही महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण से सम्बन्धित आवश्यक जानकारी दी।
कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ तनुषा टीआर ने कहा कि गाँवो में कैंप लगाकर बच्चों का वजन व लंबाई की जांच करते हुए सैम कैटेगरी के बच्चों को चिन्हित करें तथा उन्हें सैम से मैम एवं इसके बाद सामान्य श्रेणी में लाने का प्रयास करें। बताया कि इसी उद्देश्य से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के चुने गए सैम बच्चों को पोषण किट सहित स्वास्थ्य एवं पोषण शिक्षा व आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवाएं उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, बीमारियों से बचाव, खान-पान, स्वच्छता आदि विषयों पर संवाद किया एवं आवश्यक जानकारी दी। इसके अलावा उन्होने कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृवन्दना योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा पोषण पुनर्वास केन्द्र में सैम बच्चों के भर्ती व डिस्चार्ज करने से सम्बन्धित आवश्यक जानकारी देते हुए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को अपना पंजीकरण एएनएम/ऑगनबाड़ी केन्द्र में प्रथम तिमाही में ही अनिवार्य रूप से करा लेना चाहिए तथा आयरन, कैल्शियम आदि का सेवन डाक्टर की परामर्श के अनुसार ही करना चाहिए। बताया कि बच्चे के जन्म के बाद एक घंटे के अन्दर कोलेस्ट्रम फीडिंग, छह माह तक केवल माँ का दूध, छह माह के बाद बच्चों को माँ के दूध के साथ घर का बना हुआ खाद्य पदार्थ देना चाहिए। कार्यक्रम में उन्होंने 80 सैम बच्चों को पोषण किट एवं उपहार का वितरण किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी पीडी विश्वकर्मा ने संभव अभियान 5.0 एवं आठवीं राष्ट्रीय पोषण माह सितंबर 2025 में कराये जाने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम, खण्ड विकास अधिकारी मानिकपुर, प्रभारी चिकित्साधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment