चित्रकूट। समस्याओं से अवगत कराए जाने के बावजूद निस्तारण न होने पर किसानों ने सिंचाई बंधु बैठक में नाराजगी का इजहार किया। साथ ही भाकियू के सदर तहसील अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने चेतावनी दी कि अगली बैठक से पूर्व समस्याओं का निराकरण न होने पर सीधे आंदोलन होगा।
जिला मुख्यालय स्थित सिंचाई विभाग सभागार में सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष दिनेश सिंह की अध्यक्षता में सिंचाई बंधु की बैठक हुई। जिसमें भाकियू के सदर तहसील अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व में हुई बैठक में भी किसान समस्याओं की जानकारी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को दी गई थी। इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि रबि सत्र की तैयारी के लिए शीघ्र ही जनपद की सभी नहरों की सिल्ट सफाई कराई जाए। जिससे समय से फसल बुवाई के लिए किसानों को पानी मिल सके। इसके अलावा मानिकपुर क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिए बने ददरीमाफी के माडो बांध का गेट खराब होने से पानी का रिसाव बना रहता है। इसके अलावा सम्बन्धित नहरों के टूटने और कटने से फसले असिंचित रह जाती है। इसके अलावा लंकापुरवा, खांच, सपहा, बरहुनीतीर व कुसहाई गांव के किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। मण्डल सचिव उदयनारायण सिंह ने बताया कि चिल्लीमल पम्प कैनाल की नहरों की देखरेख न होने से सभी 12 माइनर में किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिलता है और क्षेत्रीय किसान मायूस होते है। विभागीय अधिकारी शासन को झूठी रिपोर्ट भेजकर गुमराह करते है। जिला उपाध्यक्ष शिवदयाल बघेल ने कहा कि गनींवा, बछरन, देवकली की नहरों को समय से साफ कराकर किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाए। कृषक रामेश्वर सिंह ने बताया कि बनकट पम्प कैनाल की नहर टूटी होने से कसहाई व बनवारीपुर नहर शाखा में सफाई न होने से पूरे खरीफ सत्र में किसानों को पानी नहीं मिला। कृषक श्रीकेशन राजपूत ने कहा कि पयस्वनी डॉयवर्जन नहर और लोढ़वारा क्षेत्र में अवैध कब्जे हटाकर नहर की मरम्मत कराई जानी चाहिए।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर अरविंद वर्मा, मण्डल उपाध्यक्ष छेदीलाल सिंह, शिव सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एसके प्रसाद, लघु डाल विभाग के अवर अभियंता नितिन कुमार आदि मौजूद रहे।
किसानों की समस्या निराकरण न होने पर करेंगे जोरदार आंदोलन- शैलेन्द्र सिंह
Leave a Comment
Leave a Comment



