Ad imageAd image

आत्मनिर्भर बनने के लिए श्रीअन्न की खेती को देना होगा बढ़ावा-सीडीओ अमृत पाल कौर 

admin
3 Min Read


-कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां में हुआ जिला स्तरीय बैठक का आयोजन
-सीडीओ अमृत पाल कौर भी रहीं कार्यक्रम में मौजूद
चित्रकूट। दीन दयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश संकल्प 2047 के तहत जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों को विकसित भारत लक्ष्य में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में उप निदेशक कृषि राजकुमार ने जिले की कृषि स्थिति, उत्पादन एवं चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि जिले में “श्री अन्न” का उत्पादन उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. राजेंद्र सिंह नेगी ने जिले की औसत पैदावार, प्रमुख फसलों का क्षेत्रफल, आधुनिक कृषि तकनीकों की आवश्यकता, 1.5 एवं 2.5 एकड़ मॉडल प्रणाली, किसानों की आय में पशुपालन, मत्स्यपालन और उद्यानिकी के योगदान, बदलते मौसम का प्रभाव एवं कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। बैठक में किसानों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए जिले में वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, पॉलीहाउस, केचुआ खाद, फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा देने तथा एफपीओ को सरकारी दर पर डीएपी व यूरिया उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ रामचंद्र सिंह ने विदेशी तकनीकों के भारतीयकरण पर बल दिया। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ धर्मेंद्र कुमार ने इकोनॉमी होल्डिंग, बीज प्रतिस्थापन, जैविक खेती, बीज शोधन एवं मोटे अनाज (मिलेट्स) उत्पादन पर विचार रखें। सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी जगतराज ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मार्केट लिंकिंग, एकीकृत खेती प्रणाली और अन्ना प्रथा पर सुझाव दिए। मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर ने कृषि को आय वृद्धि का प्रमुख साधन बताते हुए हर व्यक्ति की आय बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संगठन सचिव अभय महाजन ने “हरेक खेत-खलिहान योजना”, नस्ल सुधार, जलवायु अनुकूल खेती और भूमि की उर्वरता के समुचित उपयोग को आत्मनिर्भर किसान बनाने का आधार बताया और किसानों से संकल्प-2047 की दिशा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस मौके पर प्रसार वैज्ञानिक उत्तम कुमार त्रिपाठी, किसान आदि मौजूद रहे।
———————-

Share This Article
Leave a Comment