-रौली कल्याणपुर गांव के पहाड़ पर है देवी मां का प्राचीन मंदिर
-व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की भी कार्यक्रम में रही सहभागिता
(रतन पटेल,प्रधान सम्पादक )
चित्रकूट।शारदीय नवरात्रि पर चित्रकूट जिले के रौली कल्याणपुर गांव के पहाड़ पर स्थित मां विंध्यवासनी का प्राचीन मंदिर देवी भक्तों की श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है। महाष्टमी पर जिले के प्रमुख समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने देवी की पूजन अर्चन के बाद विशाल कन्या भोज का आयोजन किया। जिसमें सैकड़ों कन्याओं ने सम्मिलित होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद प्रदान किया।
झांसी – मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित चित्रकूट जिले के रौली कल्याणपुर गांव में मां विंध्यवासनी देवी का सैकड़ों वर्ष पुराना मंदिर है। पहाड़ पर स्थित इस प्राचीन देवी मंदिर में वैसे तो वर्ष भर देवी भक्तों का जमावड़ा लगा रहता है। लेकिन शारदीय नवरात्रि में इस मंदिर की अलग ही दिव्यता रहती हैं। पूरे नवरात्रि में देवी भक्तों की पूजा अर्चना और अनुष्ठानों का दौर चलता रहता है। अष्टमी को देवी मां की महाआरती के आयोजन के साथ साथ समाजसेवी रामबाबू गुप्ता द्वारा प्रतिवर्ष विशाल कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन होता है। जिसमें रौली के अलावा आसपास के गांवों की कन्याओं को आमंत्रित किया जाता है। कन्याओं का पूजन कर उन्हें श्रद्धा पूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया जाता है। इसके बाद उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया जाता है। वहीं कार्यक्रम में पहुंची चित्रकूट की एसडीएम पूजा गुप्ता का भी समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने कन्याओं के साथ पूजन कर आशीर्वाद लिया। चित्रकूट जनपद के उद्योगपति और समाजसेवी रामबाबू गुप्ता ने बताया कि यह अति प्राचीन सिद्ध देवी मंदिर है। सच्चे मन से देवी मां की पूजा और आराधना करने से भक्तों की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
भक्तों द्वारा विंध्यवासिनी मां को माला, फूल, नारियल, चुनरी, हलवा-पूरी समेत श्रृंगार की सामग्री अर्पित की जाती है। मंदिर परिसर मां के जयकारों, घंटा-घड़ियालों की गूंज और दुर्गासप्तशती पाठ से दिव्य वातावरण में सराबोर रहता है। कन्या भोज में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री ओम केसरवानी,जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल,जिला उपाध्यक्ष दिलीप केसरवानी,जिला महामंत्री गुलाब गुप्ता, जिला महामंत्री सुनील द्विवेदी,जिला मंत्री ऋषि आर्या,शैलेन्द्र केशरी एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ओम प्रकाश साहू,भरतकूप थाना प्रभारी मनोज चौधरी आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।




