महर्षि वाल्मीकि की जयंती कार्यक्रम को लेकर डीएम-एसपी ने किया लालापुर आश्रम का निरीक्षण
चित्रकूट। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार को लालापुर स्थित आश्रम पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर आगामी सात अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण किया।
आश्रम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि दीवारों पर पेटिंग कराएं। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजापुर को निर्देशित किया कि क्षेत्र के आसपास के ब्लैक स्पॉट व अधिक दुर्घटना वाले संभावित जगहों पर समय से बैरियर कराएं। कहा कि छह अक्टूबर से ही ट्रकों का आवागमन बंद हो जाना चाहिए एवं पुलिस बल भी तैनात किया जाए। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि जो टूटी हुई विद्युत तारों को सही कराते हुए प्रकाश की उचित व्यवस्था कराएं। अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि पानी की व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को वाल्मीकि के आश्रम के आसपास अच्छी साफ-सफाई की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अतिरिक्त पानी के टैंकर व मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था कराने को कहा। कहा कि संबंधित विभागों को जो निर्देश दिए गए हैं, वह सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराएं। कहा कि स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस बल को उचित स्थानों पर तैनात करने के निर्देश दिए। कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन की व्यवस्था की जाए।इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेश चंद्र निगम, उप जिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजापुर राजकमल, ग्राम प्रधान केदार यादव सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
महर्षि वाल्मीकि की जयंती कार्यक्रम को लेकर डीएम-एसपी ने किया लालापुर आश्रम का निरीक्षण
Leave a Comment
Leave a Comment



