
योजनाओं की खराब प्रगति पर सीडीओ अमृत पाल कौर ने लगाई अधिकारियों को फटकार
-बाल विकास विभाग के तीन सुपरवाइजर का सीडीओ ने रोका वेतन
चित्रकूट। जिला पोषण समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही बाल विकास विभाग की विभिन्न बिंदुओं पर प्रगति खराब पाए जाने पर सुपरवाइजर कर्वी रंजन सिंह तथा सुशीला देवी का भी वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा सुपरवाइजर पहाड़ी आशा सिंह के खिलाफ चार्ज शीट बनाकर शासन को भेजने व वेतन रोकने तथा सुपरवाइजर पुष्पा सिंह के खिलाफ मेडिकल पैनल बनाकर जांच कर कार्यवाही कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी पीड़ी विश्वकर्मा को दिए। सीडीओ ने पोषण समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी व प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 सितम्बर से 11 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण अभियान माह सितम्बर के तहत शासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखकर कार्य कराएं। कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प, सक्षम केंद्र चयन आदि के कार्यों की अलग से बैठक कराएं। बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी को टीएचआर प्लांट का निरीक्षण व पोषाहार की जांच करने तथा डीसी एनआरएलएम एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को समय से भुगतान कराने के निर्देश दिए। पंजीकृत सैम बच्चों को शत-प्रतिशत पोषण ट्रैकर पर संदर्भित कराने तथा जीरो से छह माह के जो बच्चों का चेहरा प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए। कहा कि जो आंगनबाड़ी कार्यकत्री सही से कार्य नहीं कर रही है, उनको नोटिस दिया जाए। बाल विकास परियोजना अधिकारियों को सही से कार्य कराने और भुगतान के लिए निर्देशित किया। अपर जिला पंचायत राज अधिकारी को वजन मशीन खराब होने पर ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्राम निधि से खरीद कराने के निर्देश दिए। सही से कार्य न करने वाली एएनएम के खिलाफ भी कार्यवाही कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीडीओ ने सम्बन्धित अधिकारियों को सही से कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एमके जतारया, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, जिला पूर्ति अधिकारी कमल नयन सिंह, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



