चित्रकूट। जिला मुख्यालय की सदर तहसील के माल बाबू और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को एंटी करप्शन बांदा टीम ने छह हजार की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
कर्वी तहसील के पुरवा तरौंहा गांव के रहने वाले रमाकांत ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत करते हुए बताया था कि हैसियत प्रमाण पत्र में रिपोर्ट लगाने के नाम पर तहसील के माल बाबू राहुल द्वारा उससे 6 हजार की घूस मांगी जा रही है। जिस पर एंटी करप्शन टीम की बांदा इकाई के प्रभारी सीबी सिंह और ट्रैक टीम प्रभारी श्याम बाबू ने 10 लोगों की टीम के साथ मंगलवार को कर्वी तहसील में माल बाबू को रंगे हाथों गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछा दिया। जिसके बाद जब पीड़ित घूस की रकम लेकर तहसील पहुंचा तो घूस की रकम पहले तहसील के चपरासी इस्तियाक ने ले लिया और इसके बाद वह माल बाबू के पास जाकर माल बाबू को देने के लिए बैठ गया। जिस पर एंटी करप्शन टीम ने दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। माल बाबू की तलाशी लेने पर 10 हजार 70 रुपए भी बरामद किए गए। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने कर्वी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुट गई। इस सम्बन्ध में कर्वी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम कर्वी तहसील से दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर आई है।
साल्वेंसी के लिए छह हजार लेने वाला सदर तहसील का लिपिक सहयोगी के साथ गिरफ्तार
Leave a Comment
Leave a Comment



