-दिव्यांग राज्य विवि चित्रकूट में हुआ आयोजन
चित्रकूट।जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय द्वारा नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य ’फ्रेशर पार्टी’ ‘उड़ान: द जर्नी ऑफ ड्रीम्स‘ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपसी परिचय, सौहार्द और सृजनात्मक माहौल प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शिशिर कुमार पाण्डेय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नवीन विद्यार्थियों को न केवल प्रोत्साहन देते हैं, बल्कि शिक्षा के अतिरिक्त उनके संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, गीत एवं रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से माहौल को हर्षोल्लास से भर दिया। फ्रेशर पार्टी में ’मिस फ्रेशर’ और ’मिस्टर फ्रेशर’ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को आधार बनाकर विजेताओं का चयन किया। जिसमें स्नातकोत्तर स्तर पर अंशिका त्रिपाठी को मिस फ्रेशर एवं अनमोल गुप्ता को मिस्टर फ्रेशर तथा स्नातक स्तर पर स्नेहा पाण्डेय को मिस फ्रेशर एवं अनुराग गोस्वामी को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। कुलाधिपति निजी सचिव रामपति मिश्रा ने बच्चों द्वारा दी गईं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपनी कलाओं से सभी का मन मोह लिया। उन्होंने बच्चों और संकाय सदस्यों को कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विश्वविद्यालय के स्तर को बहुत ऊंचाइयों पर ले कर जाएंगे। संकाय प्रभारी डॉ अमित अग्निहोत्री ने कार्यक्रम में किए गए प्रदर्शन की सराहना की। वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग प्रभारी डॉ दलीप कुमार ने आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर मुख्य कुलानुशासक डॉ गोपाल मिश्रा, शिक्षा संकाय प्रभारी डॉ निहार रंजन मिश्रा, ललित कला संकाय प्रभारी डॉ गुलाब धर, भाषा संकाय प्रभारी डॉ शशिकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ मनोज पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को सृजनात्मक माहौल प्रदान करने के लिए आयोजित हुई फ्रेशर पार्टी
Leave a Comment
Leave a Comment



